न्यूज़ डेस्क : चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो चुका है और इसका दूसरा दिन भक्तों के लिए खास महत्व रखता है। नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है।
इस दौरान लोग व्रत रखते हैं और सात्विक भोजन का सेवन करते हैं, जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता। अगर आप व्रत में कुछ आसान और स्वादिष्ट व्यंजन बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आइडियाज आपके लिए मददगार हो सकते हैं.
दही आलू की सब्जी

उबले हुए आलू को टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में घी गरम करके उसमें जीरा और हरी मिर्च डालें। फिर आलू डालकर हल्का भून लें। अब फेंटा हुआ दही डालें और थोड़ा पानी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। सेंधा नमक डालें और ध्यान रखें कि दही ज्यादा उबले नहीं। आखिर में हरा धनिया डालकर सर्व करें।
साबूदाना खिचड़ी

इसे बनाने के लिए साबूदाना को पहले से भिगोकर नरम कर लें। कड़ाही में घी गरम करके हरी मिर्च और आलू भूनें। फिर उसमें मूंगफली डालें और साबूदाना मिलाएं। सेंधा नमक डालकर अच्छे से पकाएं। अंत में नींबू का रस डालकर स्वाद बढ़ाएं।
साबूदाना वड़ा

भीगे साबूदाना में उबले आलू, मूंगफली, हरी मिर्च और धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इससे छोटे वड़े बनाकर गरम तेल में तलें जब तक वे कुरकुरे और सुनहरे न हो जाएं।
कुट्टू का चीला

कुट्टू के आटे में पानी मिलाकर घोल बनाएं। इसमें आलू, हरी मिर्च और सेंधा नमक डालें। तवे पर घी लगाकर इसे फैलाएं और दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें।
इन रेसिपीज़ को बनाकर आप व्रत के दौरान भी स्वादिष्ट और हल्का भोजन आसानी से तैयार कर सकते हैं।







