न्यूज़ डेस्क : आज के समय में साइबर क्राइम के मामले कई देखने को मिल रहे है. जहाँ अपराधी ऑनलाइन और बैंकिंग से जुड़े स्कैम करते है। कई लोग इसके शिकार भी हुए है। जहाँ एक फ़ोन कॉल या एक OTP के जरिये बैंक अकाउंट खाली हो जाते है। इन बढ़ते मामलों को देखते हुए टेलीकॉम कंपनियां सुरक्षा के नए उपाय अपना रही हैं। इसी दिशा में एयरटेल ने एक नया AI आधारित सुरक्षा सिस्टम पेश किया है।
AI से लैस नया सुरक्षा फीचर
एयरटेल का यह सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करता है। अगर किसी कॉल के दौरान यूजर को बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़ा OTP प्राप्त होता है, तो यह सिस्टम स्थिति का विश्लेषण कर संभावित खतरे का अंदेशा लगाता है और तुरंत अलर्ट जारी करता है।
रियल-टाइम अलर्ट से मिलेगी सुरक्षा
यह फीचर खासतौर पर उन हालात के लिए तैयार किया गया है, जब कॉल पर बात करते समय कोई व्यक्ति आपसे OTP साझा करने के लिए कहता है। जैसे ही सिस्टम को जोखिम का संकेत मिलता है, वह यूजर को तुरंत चेतावनी देता है कि किसी भी परिस्थिति में कॉल के दौरान OTP साझा न करें।
हरियाणा से शुरुआत, जल्द होगा देशभर में विस्तार
फिलहाल यह सिस्टम हरियाणा सर्कल में लागू कर दिया गया है। कंपनी की योजना है कि इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे भारत में लागू किया जाए। एयरटेल का दावा है कि अगले दो सप्ताह के भीतर यह सेवा देशभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी।
OTP ठगी पर लगेगी रोक
अक्सर ठग खुद को बैंक अधिकारी या किसी सेवा प्रदाता का कर्मचारी बताकर लोगों में डर और जल्दबाजी का माहौल बनाते हैं। वे कॉल के दौरान OTP साझा करने के लिए दबाव डालते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति OTP बता देता है, ठग उसके बैंक खाते से रकम निकाल लेते हैं। एयरटेल का यह नया फ्रॉड अलर्ट सिस्टम ऐसे मामलों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है।







