रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर कमेटी की अहम बैठक में नौ नगर निगमों के मेयर पद और नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी है।
रोशनी खलखो को मिला समर्थन
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को भाजपा समर्थित प्रत्याशी चुना गया है। वह चार फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगी। चूंकि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए पार्टी की ओर से आधिकारिक उम्मीदवार सूची जारी नहीं की गई है।
राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में हुआ मंथन
यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेता और कोर कमेटी के सदस्य शामिल हुए, जहां उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से हुआ अंतिम चयन
इससे पहले 31 जनवरी को हुई बैठक में हर सीट के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था। सोमवार की बैठक में उन्हीं नामों पर अंतिम फैसला लिया गया। चयनित उम्मीदवारों की जानकारी संबंधित जिलाध्यक्षों को दे दी गई है।
हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चर्चा में आईं रोशनी खलखो
रांची की मेयर उम्मीदवार रोशनी खलखो पहले पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने समय पर नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उनकी इस पहल के बाद ही हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द चुनाव कराने का सख्त निर्देश दिया था।
एकजुट होकर चुनाव लड़ने का भाजपा का दावा
बैठक के बाद पार्टी ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों में संगठन पूरी एकजुटता के साथ भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए काम करेगा। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ मैनेजमेंट और जमीनी तैयारी पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
भाजपा समर्थित संभावित मेयर उम्मीदवारों की सूची
- रांची नगर निगम – रोशनी खलखो
- धनबाद नगर निगम – संजीव अग्रवाल
- देवघर नगर निगम – रीता चौरसिया
- आदित्यपुर नगर निगम – प्रभाषिणी कालुंडिया
- चास नगर निगम – अविनाश कुमार
- मानगो नगर निगम – बबीता सिंह
- मेदिनीनगर नगर निगम – अरुणा शंकर
- हजारीबाग नगर निगम – सुदेश चंद्रवंशी
- गिरिडीह नगर निगम – डॉ. शैलेंद्र चौधरी







