रांची : झारखंड में सोमवार से मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। खासकर उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने और बिजली चमकने की भी आशंका है।
राज्य में बढ़ने लगा तापमान
झारखंड में धीरे-धीरे गर्मी का असर भी बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।
इन जिलों में सबसे ज्यादा रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चाईबासा में 35.4 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और जमशेदपुर में 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.8 डिग्री अधिक है।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी
न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला जिला राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 20 डिग्री, बोकारो थर्मल में 22.1 डिग्री, चाईबासा में 23 डिग्री और जमशेदपुर में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा, जिससे रात में भी हल्की गर्मी महसूस की जा रही है।
रांची में बादल और गरज-चमक के आसार
राजधानी रांची में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले कुछ दिनों का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इसके बाद मौसम के फिर से साफ और शुष्क होने की संभावना जताई गई है।







