कोलकत्ता : कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले सियासी तनाव बढ़ गया है। गिरीश पार्क के आसपास का इलाका पूरी तरह रण क्षेत्र में बदल गया जिसे लेकर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।
गिरीश पार्क में तनाव और सुरक्षा बल तैनाती
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात की गई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति को काबू में करने की कोशिश कर रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कोलकाता पहुंच चुके हैं।
झड़प में पुलिस और कार्यकर्ता घायल
बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच हुई झड़प में बहू बाजार थाना प्रभारी बप्पादित्य नस्कर घायल हो गए हैं। उनके कंधे पर ईंट लगने से चोट आई है। इसके अलावा, भाजपा नेता तमघ्न घोष और बहू बाजार के थाना अधिकारी भी घायल हुए हैं।
दोनों दलों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
भाजपा का आरोप है कि तृणमूल समर्थकों ने रैली में जा रही बसों को रोका, जिससे झड़प शुरू हुई। पथराव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जवाबी कार्रवाई की। भाजपा का कहना है कि दो बसों में तोड़फोड़ की गई और एक कार्यकर्ता का सिर फट गया।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री डॉ शशि पांजा के घर और कार पर बीजेपी समर्थकों ने हमला किया, जिससे उनके समर्थक भड़क उठे और पत्थरबाज़ी की। मंत्री डॉ पांजा ने कहा कि उनके घर की खिड़कियां टूट गईं और एक दर्जन से अधिक तृणमूल समर्थक घायल हो गए हैं।
सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा
झड़प के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने इलाके में शांति बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।






