न्यूज़ डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर दुनिया में अपना दबदबा साबित करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि क्रिकेट इतिहास में कई नए रिकॉर्ड भी बना दिए।
लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम
भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीता था। उस समय भी टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। 2026 में भी भारत को खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। हालांकि क्रिकेट इतिहास में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई थी। लेकिन भारत ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।
अपने घर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा
इस बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका ने मिलकर की थी। श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट से जल्दी ही बाहर हो गई, लेकिन भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। टीम इंडिया ने पहले सुपर 8 में जगह बनाई, फिर सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंची और आखिरकार खिताब भी जीत लिया। क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार है जब किसी टीम ने अपने ही देश में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है। इससे पहले भारत ने 2011 में अपने घर पर वनडे वर्ल्ड कप जीता था।
भारत बना तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम
इस टूर्नामेंट से पहले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी टीमें दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी थीं। लेकिन अब भारत तीन बार यह खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया है। टीम इंडिया ने पहली बार 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में और अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रच दिया।
पूरे टूर्नामेंट में रहा शानदार प्रदर्शन
पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच दर मैच बेहतरीन रणनीति अपनाई। बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने हर मौके पर शानदार योगदान दिया। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम को 96 रन से हराना यह दिखाता है कि मौजूदा समय में भारतीय टीम दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीमों में से एक है।






