न्यूज़ डेस्क : जब भी कुछ मीठा और क्रिस्पी खाने का मन करे, तो शक्करपारा एक बेहतरीन विकल्प है। यह स्वाद में मीठा, बनावट में कुरकुरा और बनाने में बेहद आसान होता है। खासकर बच्चों को यह बहुत पसंद आता है। शाम की चाय के साथ या अचानक आए मेहमानों के लिए भी यह परफेक्ट स्नैक है।
आवश्यक सामग्री
- 1/4 कप दूध
- 1/4 कप चीनी
- 1/4 कप घी
- 1½ कप मैदा
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- चुटकी भर नमक
- तलने के लिए तेल (आवश्यकतानुसार)
बनाने की आसान विधि
मीठा मिश्रण तैयार करें
सबसे पहले एक पैन में दूध, चीनी और घी डालकर हल्का गर्म करें, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए। इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।
आटा गूंधें
अब एक थाली में मैदा लें और बीच में जगह बनाकर तैयार किया हुआ दूध का मिश्रण डालें। इसमें इलायची पाउडर और चुटकी भर नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए सख्त आटा गूंध लें।
बेलकर काटें
गूंथे हुए आटे की लोइयां बना लें। एक लोई लेकर रोटी की तरह बेलें और फिर चाकू की मदद से इसे डायमंड (हीरे) के आकार में काट लें।
कुरकुरा तलें
कढ़ाही में तेल गरम करें। जब तेल मध्यम गर्म हो जाए, तो कटे हुए टुकड़ों को धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
परोसने का तरीका
तले हुए शक्करपारे ठंडे होने दें। ठंडा होने के बाद ये और भी ज्यादा कुरकुरे हो जाते हैं। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर कई दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है। अब जब भी कुछ मीठा और क्रंची खाने का मन करे, घर पर झटपट शक्करपारा तैयार करें और सभी को खुश कर दें।







