न्यूज़ डेस्क : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों में बदलते मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। 23 से 26 मार्च के बीच उत्तर और पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश और गर्जना की संभावना जताई गई है। खासकर वेस्टर्न डिस्टर्बेस के सक्रिय होने से राजस्थान और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है।
राजस्थान में बारिश के संकेत
राजस्थान के पश्चिमी जिलों जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में पहले ही अच्छी बारिश दर्ज की जा चुकी है। सोमवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चुरू और नागौर में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना है। IMD का अनुमान है कि 25 और 26 मार्च को हल्के विक्षोभ के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
पूर्वी भारत में तूफानी मौसम
बिहार, झारखंड और ओडिशा में 24 से 28 मार्च के बीच मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में 27 और 28 मार्च को भारी बारिश और तेज अंधड़ की संभावना जताई गई है। बिहार के जिलों जैसे गया, पटना, बक्सर, रोहतास और चंपारण में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पटना में न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम 29°C तक रहने की उम्मीद है।
दिल्ली और आसपास का हाल
दिल्ली में सोमवार को बारिश की संभावना कम है, लेकिन दिनभर तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान 18°C से 28°C के बीच रहने के कारण प्रदूषण स्तर में गिरावट की उम्मीद है। हालांकि, 25 मार्च के बाद गर्मी बढ़ सकती है और अधिकतम तापमान 35°C तक पहुँच सकता है।
यूपी में शुष्क मौसम और आने वाला तूफान
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 27 मार्च से लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ सहित कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान आज 35°C के आसपास रहने का अनुमान है।






