न्यूज़ डेस्क : होली का त्योहार गुजिया के बिना अधूरा माना जाता है। हर घर में यह खास मिठाई बड़े चाव से बनाई और खाई जाती है। लेकिन कई बार सही जानकारी न होने की वजह से गुजिया फट जाती है, नरम रह जाती है या स्वाद वैसा नहीं आता जैसा चाहिए। अगर आप भी हर बार परफेक्ट गुजिया बनाना चाहते हैं, तो ये आसान टिप्स आपके बहुत काम आएंगे।
आटा गूंथने का सही तरीका
सबसे पहले मैदा में अच्छी मात्रा में घी मिलाकर उसे हथेलियों से अच्छी तरह मसलें। जब मैदा मुट्ठी में दबाने पर सेट रहने लगे, तब समझिए मोयन सही है। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 20–25 मिनट के लिए ढककर जरूर रखें, ताकि वह अच्छे से सेट हो जाए।
स्वादिष्ट भरावन कैसे तैयार करें
अगर आप खोया वाली गुजिया बना रहे हैं, तो खोया को धीमी आंच पर हल्का भूनें। ध्यान रखें कि उसका रंग ज्यादा न बदले।
सूजी की गुजिया बना रहे हैं, तो सूजी को भी धीमी आंच पर भूनें, ताकि भरावन हल्का दानेदार बने।
खोया या सूजी ठंडी होने के बाद ही उसमें पिसी हुई चीनी मिलाएं। इलायची पाउडर और बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। ध्यान रखें कि भरावन पूरी तरह ठंडा हो, तभी गुजिया अच्छी तरह बंद होगी।
गुजिया भरते समय रखें ध्यान
आटे की छोटी लोई बनाकर उसे पूरी की तरह बेलें। ज्यादा पतला या ज्यादा मोटा न बेलें।
भरावन सीमित मात्रा में ही रखें, ज्यादा भरने से गुजिया तलते समय फट सकती है।
किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छी तरह चिपकाएं और मोड़ते समय सुंदर डिजाइन बना लें, ताकि तलते वक्त वह खुले नहीं।
तलने का सही तरीका
गुजिया तलते समय तेल या घी को धीमी आंच पर गर्म करें। तेज आंच पर तलने से गुजिया ऊपर से जल्दी ब्राउन हो जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है।
गुजिया को तेल में डालने के बाद बार-बार न पलटें। एक बार में ज्यादा गुजिया न डालें, इससे तापमान कम हो जाता है और गुजिया कुरकुरी नहीं बनती। धीमी आंच पर ही गुजिया सुनहरी और क्रिस्पी बनेगी।
सजाने के आसान तरीके
तली हुई गुजिया को प्लेट में निकाल लें। ऊपर से हल्का सा पिसी चीनी छिड़कें। सजावट के लिए कुटा हुआ पिस्ता और 2–3 केसर के धागे डाल सकते हैं। इससे गुजिया न सिर्फ स्वादिष्ट लगेगी, बल्कि देखने में भी आकर्षक बनेगी।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप इस होली पर घर पर ही बाजार जैसी परफेक्ट, कुरकुरी और स्वादिष्ट गुजिया बना सकते हैं।







