रोहतास : बिहार में आए दिन कुछ न कुछ अजीबो-गरीब मामले सुनने और देखने को मिलते रहते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला रोहतास से सामने आया है, जिसे पढ़कर आपको हसी भी आएगी , लेकिन अभ्यर्थी के करियर के साथ हुई लापरवाही पर सोचने को भी मजबूर होंगे। इस घटना का सोशल मीडिया पर खूब हंसी उड़ाई गई । मामला है सिविल कोर्ट के चपरासी पद के लिए आवेदन करने वाले रितेश कुमार का, जिनके एडमिट कार्ड पर उनकी फोटो की जगह अचानक कुत्ते की फोटो छप गई।
रितेश की परेशानी और गुस्सा
धवा गांव के रहने वाले रितेश कुमार ने साल 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी के पद के लिए आवेदन किया था। लंबा इंतजार करने के बाद जब उनका एडमिट कार्ड जारी हुआ, तो वे और उनके परिवार वाले देखते रह गए। एडमिट कार्ड पर नाम और बाकी जानकारी सही थी, लेकिन फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी थी।
रितेश ने इस गलती के लिए बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इससे उनकी परीक्षा में परेशानी हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग को शिकायत भेजी और जल्द से जल्द सुधार की मांग की।
परीक्षा नजदीक, समय कम
रितेश की लिखित परीक्षा 15 मार्च को सहरसा सेंटर में होने वाली है। ऐसे में एडमिट कार्ड में यह अजीबोगरीब गलती उनके लिए चिंता का कारण बन गई है। रितेश का कहना है कि समय कम है और अगर यह जल्द ठीक नहीं हुआ, तो उन्हें परीक्षा केंद्र पर जाने में परेशानी हो सकती है।
बिहार में लगातार ऐसी गड़बड़ियां
बिहार में पहले भी कई बार जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र या निवास प्रमाण-पत्र जैसी गलतियां सामने आई हैं। अब एडमिट कार्ड में हुई यह घटना फिर से प्रशासन की किरकिरी कर रही है। सोशल मीडिया पर लोग इस पर खूब मज़ाक उड़ा रहे हैं।देखना होगा कि बोर्ड की ओर से इस मजेदार लेकिन गंभीर गलती को कब तक ठीक किया जाता है।







