रांची : रांची सहित देश के कई हिस्सों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और कई जगहों पर ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया भी प्रभावित बताई जा रही है। ऐसे हालात में कई गैस एजेंसियों ने फिलहाल मैनुअल बुकिंग का विकल्प शुरू कर दिया है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।
रांची के उपभोक्ताओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
हालांकि, रांची के गैस उपभोक्ताओं के लिए अभी भी घर बैठे सिलेंडर बुक करने की सुविधा उपलब्ध है। पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से व्हाट्सऐप, मिस्ड कॉल, मोबाइल ऐप, आइवीआरएस और आधिकारिक वेबसाइट जैसे कई डिजिटल माध्यम दिए गए हैं। इन तरीकों से उपभोक्ता आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं और उन्हें एजेंसी के दफ्तर या गोदाम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
बुकिंग के लिए 25 दिन का नियम जरूरी
एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के लिए एक महत्वपूर्ण नियम भी लागू है। उपभोक्ता पिछली डिलीवरी मिलने के कम से कम 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं। यदि निर्धारित समय पूरा नहीं हुआ है, तो सिस्टम बुकिंग को स्वीकार नहीं करेगा।
मैसेज के जरिए मिलेगी अगली बुकिंग की जानकारी
अगर कोई उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने से पहले बुकिंग की कोशिश करता है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। सिस्टम की ओर से मोबाइल मैसेज के माध्यम से जानकारी दे दी जाती है कि पिछली बार सिलेंडर कब लिया गया था और अगली बुकिंग किस तारीख के बाद की जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं को बुकिंग की सही समयसीमा समझने में आसानी होती है।







