पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे संदेश के सामने आते ही पूरे विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले को गंभीर मानते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तुरंत सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
ई-मेल के जरिए दी गई धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार 13 मार्च को विधानसभा सचिवालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। यह जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हलचल मच गई और तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने बुलाई अहम बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और परिसर की सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरा ई-मेल किसने और किस स्थान से भेजा है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही विधानसभा परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
संवेदनशील जगहों को मिलती रहती हैं धमकियां
पिछले कुछ समय से देश के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों को इस तरह की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बरतते हुए हर पहलू की जांच करती हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।







