न्यूज़ डेस्क : मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष का आज आठवां दिन है। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने घोषणा की है कि ईरान फिलहाल अपने पड़ोसी देशों पर हमले नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी पड़ोसी देश की जमीन से ईरान पर हमला नहीं किया जाता, तो ईरान भी उन देशों को निशाना नहीं बनाएगा।
राष्ट्रपति ने पड़ोसी देशों पर हुए हमलों को लेकर खेद जताया
ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह फैसला ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने शुक्रवार को मंजूरी दी है। राष्ट्रपति पेजेशकियन ने हाल के दिनों में पड़ोसी देशों पर हुए हमलों को लेकर खेद भी जताया और उनसे माफी मांगी। उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्र में तनाव बढ़ाना नहीं चाहता और आगे ऐसी घटनाओं से बचने की कोशिश करेगा।
13 देश अब तक बन चुके है निशाना
28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से ईरान अब तक इजराइल समेत मिडिल ईस्ट के करीब 13 देशों को निशाना बना चुका है। इन हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है और हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं।
अमेरिका ने बड़े हमले की चेतावनी दी
इसी बीच अमेरिका की ओर से भी सख्त रुख सामने आया है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इंटरव्यू में कहा कि शनिवार रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जा सकता है। उनके मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल बनाने वाली फैक्ट्रियों को गंभीर नुकसान पहुंचाना है, ताकि उसकी सैन्य क्षमता को कमजोर किया जा सके।






