न्यूज डेस्क: क्या आपने कभी गौर किया है कि होली पर ज्यादातर लोग सफेद कपड़े पहनते हैं? यह केवल फैशन या बेवजह का चलन नहीं है। सफेद कपड़े पहनने के पीछे धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यावहारिक कई कारण जुड़े हैं।
4 मार्च को आने वाली होली के त्योहार के अवसर पर लोग अपनी अलमारी से सफेद कपड़े निकालते हैं ताकि रंगों का आनंद बिना किसी चिंता के लिया जा सके।
रंगों के लिए परफेक्ट कैनवास
सफेद कपड़े पहनने का सबसे बड़ा कारण यह है कि गुलाल या रंग इस पर साफ और सुंदर दिखाई देता है। इसे एक खाली कैनवास की तरह माना जाता है। सुबह जब आप घर से निकलते हैं, तो कपड़े साफ होते हैं, लेकिन शाम तक कई रंग इसे जीवंत और आकर्षक बना देते हैं। यही वजह है कि सफेद रंग होली पर सबसे लोकप्रिय विकल्प है।
सफेद रंग का सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक महत्व
होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, यह नई शुरुआत और जीवन में बदलाव का प्रतीक भी है। होलिका दहन के बाद रंगों का त्योहार मौसम और माहौल में परिवर्तन के साथ मनाया जाता है। सफेद रंग मन को शांत करता है और होली के शोर-शराबे में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। यह शुद्धता, सादगी और नई शुरुआत का प्रतीक है।
समानता और एकता का प्रतीक
सफेद कपड़ों पर जब रंग गिरते हैं, तो सभी लोग रंगीन होकर एक समान नजर आते हैं। इस प्रकार होली में कोई अमीर या गरीब दिखाई नहीं देता। रंगों की इस समानता और साझा आनंद के कारण सफेद कपड़े पहनना सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
बॉलीवुड ने बढ़ाया सफेद कपड़ों का क्रेज
सफेद कपड़े पहनने का चलन बॉलीवुड फिल्मों और होली के गानों में भी दिखाई देता है। फिल्मों में कलाकारों के सफेद कपड़ों में होली खेलना लोगों के दिलों में छाप छोड़ता है और यही ट्रेंड धीरे-धीरे आम जनता में भी फैल गया। लोग अब अपने होली लुक को आकर्षक बनाने के लिए अलग-अलग स्टाइल में सफेद कपड़े पहनते हैं।
मौसम और आराम का कारण
होली खुले में मनाई जाती है और धूप में खेलते समय गर्मी लगना सामान्य है। सफेद रंग धूप को कम सोखता है, जिससे शरीर हल्का और ठंडा महसूस होता है। इसलिए गर्मी और धूप के मौसम में होली के लिए सफेद कपड़े सबसे उपयुक्त माने जाते हैं।
होली पर स्टाइलिश लुक के लिए टिप्स
- प्लेन सफेद कुर्ते के साथ बांधनी, लहरिया या फुलकारी दुपट्टा पेयर करें। फ्लोरल कुर्ते भी पहन सकते हैं, लेकिन ज्यादा पैटर्न से बचें।
- ऑक्सिडाइज्ड जूलरी चुनें, जैसे झुमके, चोकर या चंकी कड़े। भारी जूलरी अवॉइड करें।
- कुर्ते के साथ स्ट्रेट पैंट्स, रंगीन प्लाजो, बैगी डेनिम या स्कर्ट पेयर करें।
- कंफर्टेबल फुटवियर पहनें, जैसे कोल्हापुरी चप्पल, फ्लैट्स या पुराने स्नीकर्स।
- थोड़ा हटकर लुक चाहिए तो कुर्ते के ऊपर डेनिम या कलरफुल जैकेट पहनें।
- हेयरस्टाइल सिंपल रखें, गजरा लगा सकते हैं और मेकअप बहुत हल्का करें।








