रांची : राजधानी में रसोई गैस की बुकिंग को लेकर लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए लोग अलग-अलग माध्यमों से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बुकिंग आसानी से नहीं हो पा रही है। इस वजह से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
जारी किए गए नंबर भी नहीं आए काम
लोगों की समस्या को देखते हुए इंडेन गैस कंपनी ने शहर की विभिन्न एजेंसियों के दो-दो मोबाइल नंबर जारी किए थे, ताकि उपभोक्ता आसानी से गैस बुक कर सकें। हालांकि शुक्रवार को स्थिति कुछ अलग ही नजर आई। कई एजेंसियों के फोन नंबर बंद मिले, कुछ नंबर नेटवर्क से बाहर बताए गए, जबकि कुछ नंबर लगातार व्यस्त आते रहे। इस कारण लोगों को बुकिंग कराने में और भी परेशानी हुई।
एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें
गैस की किल्लत के कारण कई एजेंसियों के शोरूम और गोदामों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। कई जगहों पर ट्रक और ऑटो के माध्यम से सिलेंडर की डिलिवरी की जा रही थी। लोग घंटों धूप में खड़े होकर गैस सिलेंडर लेने का इंतजार करते नजर आए।
सर्वर ठप होने से बढ़ी परेशानी
गैस कंपनियों का सर्वर ठीक से काम नहीं करने के कारण भी स्थिति और जटिल हो गई। सर्वर डाउन होने से न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही थी और न ही एजेंसियों के पास आने-जाने वाले स्टॉक का सही हिसाब मिल पा रहा था। इस वजह से एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कार्ड दिखाकर दी जा रही गैस डिलिवरी
कुछ जगहों पर गैस एजेंसियों ने ग्राहकों को उनका उपभोक्ता कार्ड देखकर सिलेंडर देना शुरू किया। इसके लिए कंपनी की ओर से एक विशेष फॉर्मेट भी जारी किया गया है, जिसमें ग्राहक संख्या, पिछली बार गैस कब ली गई और वर्तमान डिलिवरी की जानकारी लिखकर रिकॉर्ड रखा जा रहा है।
शिकायत के लिए अधिकारियों के नंबर
गैस बुकिंग में आ रही समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए गैस कंपनियों ने फील्ड ऑफिसरों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। रांची में इंडेन के फील्ड ऑफिसर पूजा महेश और हर्ष रंजन से संपर्क कर उपभोक्ता अपनी समस्या बता सकते हैं।







