पटना : बिहार में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम बदलने से लोगों को थोड़ी बहुत गर्मी से राहत मिल सकती है। जी हाँ, मौसम विभाग के तरफ से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीँ 24 घंटों के दौरान पूर्वी बिहार के जिलों के साथ-साथ सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, शेखपुरा, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय और नवादा में चेतावनी जारी की है। विभाग ने इन इलाकों के किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
गरज-चमक और तेज हवा की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में एक या दो स्थानों पर बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा।
पटना में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान
राजधानी पटना में भी मौसम के बदले मिजाज के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके अलावा तेज हवा चलने का भी अनुमान लगाया गया है। सुबह से ही पटना में आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बिहार के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वी भारत के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की प्रक्रिया जारी है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बादल बन रहे हैं। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इसके बाद 12 मार्च के बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है।







