वारणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन लगभग 14 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। यह रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स से शुरू होकर शहर के प्रमुख इलाकों—लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन—से गुजरते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त हुआ। पूरे मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और हर जगह प्रधानमंत्री के स्वागत में उत्साह दिखाई दिया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किए। दर्शन के बाद मंदिर परिसर में स्थानीय प्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें त्रिशूल, डमरू तथा स्टोल भेंट किया।
जनसमर्थन और स्वागत का उत्साह
मंदिर से बाहर निकलते ही श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के जयकारों से माहौल गूंजा दिया। प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर और नमस्कार कर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में मौजूद बच्चों से भी संक्षिप्त बातचीत की।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के अनुसार, पूरे मार्ग में कई स्वागत स्थल बनाए गए थे जहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इस रोड शो को वाराणसी के सबसे बड़े आयोजनों में से एक बताया जा रहा है।






