न्यूज़ डेस्क : पहले आधार कार्ड में छोटी-सी जानकारी बदलवाने के लिए लोगों को सेंटर पर जाकर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों खर्च होते थे। लेकिन अब डिजिटल सुविधा के विस्तार के साथ आधार सेवाएं भी काफी सरल हो गई हैं। नई आधार ऐप की मदद से अब यूजर्स अपने स्मार्टफोन से ही कई जरूरी अपडेट आसानी से कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया तेज और लगभग पेपरलेस बन गई है। खासकर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली है।
मोबाइल नंबर अपडेट करना हुआ आसान
अब आधार में मोबाइल नंबर बदलने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले ऐप डाउनलोड कर उसमें “Update Mobile Number” विकल्प चुनें। इसके बाद नया नंबर दर्ज करें और उस पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें। फिर फेस ऑथेंटिकेशन के बाद रिक्वेस्ट सबमिट कर दें। UIDAI द्वारा जांच के बाद आपका नंबर अपडेट हो जाएगा। आमतौर पर इसमें कुछ दिनों का समय लगता है, जो अधिकतम 15 दिन तक हो सकता है।
पता बदलने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन
अगर आपको आधार में एड्रेस अपडेट करना है, तो यह भी अब ऐप के जरिए संभव है। लॉगिन करने के बाद सर्विस सेक्शन में जाकर “Address Update” ऑप्शन चुनें। इसके बाद आवश्यक डॉक्यूमेंट के आधार पर नया पता भरें और जानकारी की पुष्टि कर सबमिट करें। इस प्रक्रिया के लिए ₹75 का शुल्क देना होता है। आवेदन के बाद UIDAI द्वारा वेरिफिकेशन किया जाता है, जिसके बाद नया पता अपडेट हो जाता है।
क्यों जरूरी है आधार अपडेट रखना
आज के समय में आधार कार्ड बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और पहचान प्रमाण के रूप में बेहद जरूरी दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में अगर इसमें दी गई जानकारी पुरानी या गलत हो, तो कई जरूरी काम अटक सकते हैं। इसलिए समय-समय पर अपने आधार को अपडेट रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी सेवा का लाभ लेने में परेशानी न हो।







