पटना: भीषण गर्मी से जूझ रहे बिहार में अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं, जिसके चलते कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 16 और 17 मई को लेकर पूरे बिहार में चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिहार के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज तूफान और खराब मौसम की वजह से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं।
बाकी जिलों में येलो अलर्ट, वज्रपात का भी खतरा
राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां मजबूत हो रही हैं। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है।
गर्मी से राहत, लेकिन उमस बढ़ने के आसार
बारिश और बादलों की वजह से लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत जरूर मिल सकती है। हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने से उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। तापमान की बात करें तो भभुआ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं डेहरी में 40.6 डिग्री और राजधानी पटना में 37.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर यह भी है कि इस बार मानसून सामान्य समय से पहले पहुंच सकता है। आमतौर पर बिहार में मानसून 12 से 15 जून के बीच प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 8 से 10 जून तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। इसके बाद इसका असर पूर्वी भारत के राज्यों, खासकर बिहार में तेजी से देखने को मिलेगा।







