सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा जंगल में एक जंगली हाथी आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। रविवार शाम जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव के पास, अंकुआ कंपार्टमेंट संख्या–48 के जंगल में मछली पकड़ने गए कुछ ग्रामीणों की नजर इस घायल हाथी पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग सक्रिय हुआ।
दो दिन पहले हुए ब्लास्ट से जुड़ा हो सकता है मामला
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले चिरिया ओपी थाना क्षेत्र के पोंगा जंक्शन के पास जंगल में विस्फोट की खबर सामने आई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी घटना में यह हाथी घायल हुआ होगा। हालांकि मनोहरपुर प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजय घोलटकर का कहना है कि हाथी कई दिन पहले ही जख्मी हो चुका था।
चलने-फिरने में असमर्थ, बचने की उम्मीद कम
मिली जानकारी के मुताबिक, हाथी की हालत बेहद गंभीर है और वह ठीक से चल-फिर भी नहीं पा रहा है। जंगल में ही उसकी स्थिति बिगड़ती जा रही है, जिससे उसके बचने की संभावना काफी कम बताई जा रही है। वन विभाग की टीम उसे बचाने के प्रयास में जुटी हुई है।
पहले भी आईईडी की चपेट में आ चुके हैं हाथी
गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोटों में चार हाथियों की जान जा चुकी है, जिससे इस क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।







