पटना : बिहार में फिलहाल भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने तापमान को नीचे ला दिया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
अगले कुछ दिनों तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। खासकर 8 और 9 अप्रैल को मौसम ज्यादा प्रभावी और खतरनाक हो सकता है।
इन जिलों में ज्यादा असर
8 अप्रैल को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जैसे जिलों में ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 9 अप्रैल को भी कई इलाकों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
क्यों बदल रहा है मौसम
पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं का असर है। इसके साथ ही क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे तेज आंधी-तूफान और बारिश की स्थितियां बन रही हैं।
मौसम विभाग की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। आंधी-तूफान के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखना जरूरी है ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
किसानों के लिए खास सलाह
किसानों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रख लें। बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका को देखते हुए फसलों को ढककर रखने या सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। साथ ही, सभी कृषि कार्य मौसम विभाग के अपडेट को ध्यान में रखकर ही करें।







