पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने आज विधायक आवासन योजना के अंतर्गत विधान परिषद परिसर में बने नए गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कैंटीन, लाइब्रेरी और सामुदायिक केंद्र का भी लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम में लगे नारे, सीएम ने मुस्कुराकर किया अभिवादन
कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला, जब जेडीयू कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के समर्थन में नारे लगाए। यह सुनकर मुख्यमंत्री कुछ पल के लिए मुस्कुराए और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी उपस्थित रहे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस पांच मंजिला भवन
नया गेस्ट हाउस पांच मंजिला इमारत है, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार अतिरिक्त मंजिलें शामिल हैं। इसमें कुल 30 सुईट रूम बनाए गए हैं, साथ ही 4 लाउंज और एक सिक्योरिटी लाउंज भी तैयार किया गया है। भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ 8 लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट भी लगाई गई है।
हर सुईट में किचन और रहने की पूरी व्यवस्था
इस गेस्ट हाउस के हर सुईट में छोटा किचन, ड्राइंग रूम और आरामदायक बेडरूम की व्यवस्था की गई है, ताकि विधान परिषद के सदस्यों को बेहतर सुविधा मिल सके। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह भवन सदस्यों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।







