न्यूज़ डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प Donald Trump ने दावा किया है कि हालिया हवाई हमलों में ईरान के एक महत्वपूर्ण और ऊंचे सस्पेंशन ब्रिज को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह पुल तेहरान और करज के बीच स्थित था और इसकी लागत करोड़ों डॉलर में थी।
हमले में नागरिकों की मौत और कई घायल
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में आम नागरिक भी इसकी चपेट में आ गए। कम से कम आठ लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। मृतकों में स्थानीय निवासी और वहां से गुजर रहे यात्री शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के समय आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
नेचर डे पर जुटी भीड़ बनी निशाना
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के दौरान कई परिवार नेचर डे के मौके पर उस इलाके में घूमने पहुंचे थे। इसी वजह से वहां भीड़ ज्यादा थी और जनहानि बढ़ गई। ईरानी मीडिया ने इसे नागरिक ढांचे पर सीधा हमला बताया है।
ट्रंप की चेतावनी, समझौता नहीं किया तो और तबाही
हमले के बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए ईरान को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समझौता नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इससे पहले भी वे ईरान को कड़ी सैन्य कार्रवाई की धमकी दे चुके हैं।

ईरान का पलटवार, हम नहीं झुकेंगे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आराघ्ची ने सोशल मीडिया एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नागरिक ढांचे पर हमला करके ईरान को झुकाया नहीं जा सकता। उनका कहना है कि देश इस नुकसान से उबर जाएगा और सभी ढांचों का पुनर्निर्माण पहले से अधिक मजबूती के साथ किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और इज़राइल के साथ युद्ध में नष्ट हो रहे नागरिक ढांचे को ‘और मजबूत तरीके से फिर से बनाया जाएगा.’ उन्होंने आगे कहा कि जो कभी ठीक नहीं होगा, वह है अमेरिका की साख को हुआ नुकसान।
तनाव के बीच बढ़ी वैश्विक चिंता
इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। लगातार बढ़ते हमले और बयानबाजी यह संकेत दे रहे हैं कि हालात और बिगड़ सकते हैं, जिसका असर पूरे क्षेत्र और वैश्विक राजनीति पर पड़ सकता है।






